Next Story
Newszop

उत्तर प्रदेश के इस जिले में जाम से छुटकारा पाने के लिए बनेगा नया ओवरब्रिज, 5 लाख लोगो को होगा लाभ

Send Push

Railway OverBridge In UP : उत्तर प्रदेश के कानपुर में फोरलेन आरओबी का निर्माण  किया जाएगा। इस योजना पर सरकार 305 करोड़ रुपये के बजट खर्च करने जा रही है। शासन की वित्त व्यय समिति ने पनकी पड़ाव रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को हरी झंडी दिखा दी है। इस पुल का निर्माण हो जाने के बाद इटावा झांसी हमीरपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता सुगम हो जाएगा।

अभी ये वाहन पनकी पड़ाव क्रासिंग से होते हुए कल्याणपुर की ओर आते हैं लेकिन उन्हें क्रासिंग बंद होने की वजह से जाम का सामना करना पड़ता है। आरओबी निर्माण से क्षेत्र की पांच लाख से ज्यादा आबादी को राहत मिलेगी।

पनकी पड़ाव आरओबी निर्माण की बीते कई वर्षों से मांग की जा रही थी। बजट के अभाव में प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल पाती थी। सेतु निगम ने 1197.415 मीटर लंबे और साढ़े सात मीटर चौड़े आरओबी निर्माण के लिए 308 करोड़ 33 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था।

शासन ने 305 करोड़ की धनराशि पर लगाई मुहर

शासन की वित्त व्यय समिति ने अब बजट में आंशिक कटौती करते हुए 305 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस वित्तीय वर्ष में केवल इसी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है जबकि सेतु निगम ने शहर के लिए पांच आरओबी के प्रस्ताव भेजे थे।

गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि वह बीते छह से इस आरओबी के लिए तीन बार सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। रविवार को प्रमुख सचिव वित्त की ओर से आरओबी निर्माण की स्वीकृति के संबंध में मैसेज भेजकर जानकारी दी गई। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

जाम से मिलेगी निजात

पनकी पड़ाव क्रासिंग से 200 से अधिक ट्रेनों और 100 से अधिक मालगाड़ियों का आवागमन होता है। इसके चलते दिनभर जाम लगा रहता है। जाम से बचने के लिए वाहन चालक पनकी भाटिया तिराहा होते हुए पनकी मंदिर से कल्याणपुर की ओर जाते हैं। इस आरओबी के निर्माण से जाम की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।

वाई आकार का होगा डिजाइन

पनकी पड़ाव आरओबी का डिजाइन वाइ आकार का होगा। आरओबी का एक हिस्सा कल्याणपुर की तरफ से नारायना मेडिकल कालेज की ओर जाने वाले तिराहे के पास से शुरू होगा और क्रासिंग को पार करने के बाद इसका एक सिरा न्यू ट्रांसपोर्ट नगर तो दूसरा स्टील अथारिटी आफ इंडिया की तरफ मुड़ेगा। पनकी की ओर से आने वाले वाहन न्यू ट्रांसपोर्ट नगर की ओर चले जाएंगे वहीं यहां से जिन वाहनों को कल्याणपुर की ओर जाना है वे सीधे चले जाएंगे।

Loving Newspoint? Download the app now