Next Story
Newszop

PBKS vs DC Highlights: प्लेऑफ में जगह बना चुकी टीमों की हार का सिलसिला जारी, 206 रन बनाकर दिल्ली से हारी पंजाब

Send Push
जयपुर: आईपीएल 2025 के प्लेऑफ में पहुंच चुकी टीमों के हार का सिलसिला जारी है। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बाद पंजाब किंग्स को भी हार झेलनी पड़ी है। दिल्ली कैपिटल्स ने सवाई मान सिंह स्टेडियम पर पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया। पहले खेलते हुए पंजाब किंग्स ने 8 विकेट पर 206 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्ले से दिल्ली के लिए समीर रिजवी और करुण नायर हीरो रहे। युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने आईपीएल में अपनी पहली फिफ्टी लगाई। 22 गेंदों पर रिजवी फिफ्टी तक पहुंचे। वह 25 गेंद पर 58 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में रिजवी ने 3 चौके और 5 छक्के लगाए। करुण नायर के बल्ले से 27 गेंद पर 44 रनों की पारी निकली। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के मारे। पंजाब किंग्स के लिए मार्कस स्टोइनिस के 16 गेंद में नाबाद 44 रन और श्रेयस अय्यर ने 34 गेंद में 53 रन बनाये। स्टोइनिस ने अपनी ताबड़तोड़ पारी में चार छक्के और तीन चौके जड़कर पंजाब को 200 रन के पार पहुंचाया। टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने वाली दिल्ली को पहली सफलता जल्दी ही मिली जब प्रियांश आर्य (छह) ने मुस्तफिजुर रहमान की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर ट्रिस्टन स्टब्स को कैच थमा दिया। जोश इंगलिस ने मुकेश कुमार को दो चौके लगाकर शुरुआत की जबकि प्रभसिमरन सिंह ने मुस्तफिजुर को चौका लगाया। इंग्लिस ने इसके बाद बायें हाथ के इस तेज गेंदबाज को डीप बैकवर्ड स्क्वेयर लेग में छक्का लगाया।प्रभसिमरन ने मोहित शर्मा को दो चौके लगाये। पावरप्ले के आखिरी ओवर में विराज निगम को इंगलिस ने एक छक्का और एक चौका लगाया लेकिन फिर गुगली पर चकमा खा गए और स्टब्स ने कुशल स्टम्पिंग का नमूना पेश करके उन्हें पवेलियन भेजा। इसके बाद पंजाब के कप्तान अय्यर क्रीज पर आये और चौके के साथ खाता खोला। इस बीच प्रभसिमरन ने कुलदीप यादव की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया और फिर निगम को भी नहीं बख्शा। निगम ने हालांकि उनकी पारी का नौवे ओवर में अंत किया।इसके बावजूद अय्यर विचलित नहीं हुए और कुलदीप को स्लॉग स्वीप पर डीप मिडविकेट में छक्का लगाया। निगम ने दसवां ओवर किफायती डाला। पंजाब ने दस ओवर में तीन विकेट पर 97 रन बनाये थे। शशांक सिंह को मुस्तफिजुर ने स्टब्स के हाथों लपकवाया। मुकेश ने हालांकि अगले ओवर में दो छक्के, दो चौके और तीन अतिरिक्त समेत 25 रन दे डाले। अय्यर को कुलदीप ने मोहित के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा। मोहित ने इससे पहले स्टोइनिस का कैच छोड़ा था जिन्होंने उनके ओवर में 22 रन निकाले।
Loving Newspoint? Download the app now