जयपुर: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल एक बार फिर बेरोजगारों की महारैली करने जा रहे हैं। आज रविवार 25 मई को जयपुर शहर के मानसरोवर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में प्रदेशभर के बेरोजगारों की महारैली होने जा रही है। इसे आक्रोश महारैली नाम दिया गया है। इस रैली में बेरोजगारों के साथ उनके परिजन भी शामिल हो रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों से बसों के जरिए बेरोजगारों और उनके परिजनों के जयपुर आने का सिलसिला जारी है। हनुमान बेनीवाल का दावा है कि इस हुंकार रैली में प्रदेशभर के एक लाख बेरोजगार युवा शामिल होने वाले हैं।
भ्रष्टाचारियों को बचा रही है सरकार- बेनीवालहनुमान बेनीवाल का आरोप है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में तमाम भर्ती परीक्षाओं में जमकर गड़बड़ियां हुई। वर्तमान सरकार में हुई जांच के दौरान व्यापक स्तर पर हुए पेपर लीक के प्रमाण सामने आए हैं और सैकड़ों आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। आरोपियों में 53 ट्रेनी एसआई के साथ आरएएस अफसर, पुलिसकर्मी, पटवारी सहित कई सरकारी कर्मचारी और आरपीएससी के सदस्य भी गिरफ्तार हुए। बड़े स्तर पर धांधली होने के बावजूद भी एसआई भर्ती को रद्द नहीं किया जा रहा है। बेनीवाल ने कहा कि सरकार में बैठे एक मंत्री का नाम भी एसआई पेपर लीक में सामने आ चुका है। कई और मंत्री, विधायक और बड़े अफसर भी शामिल हैं। सरकार इन भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए भर्ती को रद्द नहीं कर रही है। सरकार युवाओं के साथ तानाशाही कर रही है जो कि बर्दाश्त नहीं है। SI भर्ती 2021 रद्द करने सहित ये हैं प्रमुख मांगेंबेनीवाल की मांग है कि सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 में भारी धांधली हुई। 53 ट्रेनी सब इंस्पेक्टर सहित सौ से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और करीब 200 से ज्यादा ट्रेनी एसआई एसओजी की रडार पर हैं। ऐसे में इस भर्ती को जल्द से जल्द रद्द किया जाए। आरएएस भर्ती 2018 और आरएएस भर्ती 2021 में भी हुए फर्जीवाड़े के सबूत सामने आ चुके हैं। इन दोनों भर्तियों की जांच हो और सभी चयनित अफसरों की उत्तर कॉपी सार्वजनिक की जाए। पूर्ववर्ती सरकार में हुई अन्य सभी भर्तियों की जांच सीबीआई से कराई जाए क्योंकि कई भर्ती परीक्षाओं में भारी गड़बड़ियां हुई लेकिन वर्तमान सरकार इन मामलों पर लीपापोती कर रही है। बेनीवाल ने कहा कि आरपीएससी को भंग करके इसका पुनर्गठन किया जाना चाहिए। डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को भी न्योताभजनलाल सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 में हुए घोटाले को लेकर आंदोलन चला चुके हैं। सरकार बनने के बाद वे कई बार बयान दे चुके हैं कि एसआई भर्ती 2021 रद्द होनी चाहिए। मुख्यमंत्री से मिलकर भी वे इस मांग को उनके सामने रख चुके हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा दो दिन पहले हनुमान बेनीवाल के धरने में भी पहुंचे थे। हनुमान बेनीवाल ने डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को भी बेरोजगार युवाओं की इस आक्रोश रैली में आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि यह मामला लाखों बेरोजगारों के भविष्य से जुड़ा है और डॉ. मीणा बेरोजगारों के हित के लिए हमेशा लड़ते रहे हैं। ऐसे में उन्हें इस आक्रोश महारैली में जरूर आना चाहिए।

You may also like
बॉडी डिटॉक्स से डाइजेशन तक, रहेगा एकदम परफेक्ट अगर रोजाना सुबह गुनगुने पानी में पी लिया सेल्टिक नमक
करण जौहर का 53वां जन्मदिन: फिल्मी सफर और शानदार लाइफस्टाइल
पाकिस्तान आतंकवाद का नासूर, वैश्विक पटल पर बताएंगे सच्चाई : रविशंकर प्रसाद
'मिस्टर इंडिया' के 38 साल पूरे, वर्धन पुरी ने साझा किए दादा 'मोगैंबो' के राज
उनकी बात कीजिए जो EMI चुकाने के लिए संघर्ष कर रहे... दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंची भारत की इकोनॉमी तो कांग्रेस ने सरकार को घेरा